![]() |
| भंडारे वाली आलू टमाटर की रसेदार सब्ज़ी |
भंडारे वाली आलू टमाटर की रसेदार सब्ज़ी – मंदिर जैसी बिना प्याज़-लहसुन वाली खास रेसिपी| Aloo Tamatar ki sabji - Bhandare wali
भंडारे वाली आलू टमाटर की सब्ज़ी एक पारंपरिक उत्तर भारतीय रेसिपी है, जो हर धार्मिक आयोजन, कथा, पूजन या मंदिर के प्रसाद में ज़रूर परोसी जाती है। इस सब्ज़ी की खास बात यह है कि इसमें न प्याज़ होता है, न लहसुन, फिर भी इसका स्वाद इतना भरपूर होता है कि आप उंगलियाँ चाटते रह जाएंगे।
यह हल्की, रसेदार और बहुत ही स्वादिष्ट सब्ज़ी होती है, जिसे आमतौर पर पूड़ी, सूजी के हलवे और कद्दू की सब्ज़ी के साथ परोसा जाता है। आइए जानें इस आसान लेकिन लाजवाब रेसिपी को घर पर कैसे बनाएं।
सामग्री:
- उबले हुए आलू- 4 मध्यम आकार के
- टमाटर (बारीक कटे हुए या प्यूरी बना लें)- 3 मध्यम
- हरी मिर्च (बारीक कटी हुई)- 2
- अदरक- 1 छोटा चम्मच कद्दूकस किया हुआ
- हींग- चुटकीभर
- जीरा- ½ छोटा चम्मच
- हल्दी पाउडर- 1 छोटा चम्मच
- धनिया पाउडर- 1 छोटा चम्मच
- लाल मिर्च पाउडर - 1/2 छोटा चम्मच
- गरम मसाला- 1 छोटा चम्मच
- नमक- स्वादानुसार
- देसी घी या तेल- 2 बड़े चम्मच
- पानी - आवश्यकतानुसार
- हरा धनिया (बारीक कटा) – सजाने के लिए
बनाने की विधि:
तड़का लगाना शुरू करें:
- एक कढ़ाई में घी या तेल गर्म करें। उसमें हींग और जीरा डालें। जैसे ही जीरा चटकने लगे, उसमें हरी मिर्च और अदरक डालकर 30 सेकंड तक भूनें।
टमाटर का मसाला तैयार करें:
- अब इसमें टमाटर पयूरी डालें। साथ ही हल्दी, धनिया पाउडर, लाल मिर्च पाउडर और थोड़ा सा नमक डालें। इस मसाले को तब तक भूनें जब तक तेल अलग न होने लगे और टमाटर पूरी तरह गल जाएं।
आलू मिलाएं:
- उबले हुए आलू हाथ से हल्के से तोड़कर (मैश करके) मसाले में डालें और अच्छी तरह मिला लें।
पानी डालें और पकाएं:
- अब 2 कप पानी डालें और सब्ज़ी को मध्यम आंच पर 8-10 मिनट तक पकने दें। आप चाहें तो पानी की मात्रा अपनी पसंद के अनुसार कम या ज़्यादा कर सकते हैं।
अंत में:
- जब सब्ज़ी थोड़ी गाढ़ी हो जाए, तब उसमें गरम मसाला डालें, ऊपर से हरा धनिया छिड़कें और 2 मिनट और पकाएं।
परोसने का तरीका:
- इसे गरमा गरम पूड़ियों के साथ परोसें।
- साथ में खट्टा-मीठा कद्दू, सूजी का हलवा और बूँदी का रायता हो तो स्वाद दोगुना हो जाता है।
- यह रेसिपी व्रत या उपवास के दिनों में भी बनाई जा सकती है (अगर व्रत के अनुसार मसाले बदल दिए जाएं)।
यदि आपको यह रेसिपी पसंद आए तो इसे अपने परिवार और दोस्तों के साथ जरूर शेयर करें।

